इंदौर। खजराना के तंजीम नगर क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराज़गी देखने को मिल रही है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाक़ात कर ज्ञापन सौंपा और अपनी आपत्तियाँ दर्ज कराईं।

प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद इकबाल खान, जावेद खान, बंटी इमरान खान, नम्मू पठान, आदिल सिद्दीकी, जुबेर नूरानी, इकराम पटेल और अलताफ खान शामिल थे।

60 और 104 फीट चौड़ी सड़क का प्रस्ताव

स्थानीय लोगों ने मंत्री को बताया कि रिंग रोड चौराहे से जमजम चौराहे तक करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव है, वहीं स्टार चौराहा से जमजम चौराहे तक 104 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।

लोगों का कहना है कि परियोजना की शुरुआत स्टार चौराहा से की गई, जहाँ सेंट्रल लाइन मौजूदा सड़क से ही ली गई थी। लेकिन बड़े मदरसे से लेकर जमजम चौराहे तक लगभग 700 मीटर लंबे हिस्से में सेंट्रल लाइन को अचानक बदल दिया गया है।

गरीबों की रोज़ी-रोटी पर असर

प्रतिनिधियों ने मंत्री से कहा कि इस बदलाव की वजह से 104 फीट चौड़ी सड़क बनने पर कई छोटे घर और दुकानें प्रभावित होंगी। इसका सीधा असर उन गरीब परिवारों की आजीविका पर पड़ेगा जो पीढ़ियों से वहीं रहकर अपना गुज़ारा कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों की मांग है कि सड़क की चौड़ाई इस हिस्से में 104 फीट की बजाय 80 फीट रखी जाए, ताकि विकास कार्य भी हो और लोगों का घर-बार भी सुरक्षित रहे।

मंत्री का आश्वासन

ज्ञापन मिलने के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नागरिकों की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मामले का समाधान निकाला जाएगा और लोगों की परेशानी को देखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *